NCERT Class 6 Geography(भूगोल) Chapter 7

भारत:

भारत बहुत बड़े भौगोलिक विस्तार वाला क्षेत्र है| उत्तर में यह हिमालय के ऊँचे शिखरों से घिरा है| पश्चिम में अरब सागर, पूर्व में बंगाल की खाड़ी तथा दक्षिण में हिन्द महासागर हैं|
भारत का क्षेत्रफल 32.8 लाख वर्ग किमी है| उत्तर में कश्मीर से लेकर दक्षिण में कन्याकुमारी तक इसका विस्तार 3200 किमी है तथा पूर्व में अरुणाचल प्रदेश से लेकर पश्चिम में कच्छ तक इसका विस्तार 2900 किमी है| भारत 121 करोड़ से अधिक जनसंख्या के साथ चीन के बाद दुसरे स्थान पर है|

स्थिति:
भारत उत्तरी गोलार्ध में स्थित है| कर्क रेखा (23°30’उ.) देश के लगभग मध्य भाग से होकर गुजरती है| दक्षिण से उत्तर की ओर भारत की मुख्य भूमि का विस्तार 8°4’ मिनट उत्तर तथा 37°6’ उ. अक्षांशों के बीच है| पश्चिम से लेकर पूर्व तक भारत का विस्तार 68°7’ पू. तथा 97°25’ पू.देशान्तरों के बीच है| बहुत बड़े देशांतारीय विस्तार (29°) के कारण यहाँ के पूर्वी एवं पश्चिमी छोरों पर समय में लगभग 2 घंटे का अंतर हो जाता, इसलिए 82°30’ पू. देशांतर के स्थानीय समय को भारत का मानक समय माना है|

भारत के पड़ोसी देश:
7 देशों की स्थलीय सीमाएँ भारत की सीमाओं मिली हैं: पाकिस्तान, अफगानिस्तान, चीन, नेपाल, भूटान, बांग्लादेश एवं म्यांमार |
दक्षिण में समुद्र में स्थित श्रीलंका एवं मालदीव भी हमारे पड़ोसी हैं| पाक जलसंधि भारत को श्रीलंका से अलग करती है|

राजनीतिक एवं प्रशासनिक विभाजन:
प्रशासनिक क्रियाकलापों के लिए भारत को 29 राज्यों एवं 7 केन्द्रशासित प्रदेशों में बाँटा गया है| दिल्ली भारत की राजधानी है| राज्यों का निर्माण मुख्यत: भाषाओँ के आधार पर हुआ है| क्षेत्रफल की दृष्टि से सबसे बड़ा राज्य राजस्थान तथा सबसे छोटा राज्य गोवा है|
भौतिक विभाजन:
भारत में पायी जाने वाली भौतिक आकृतियाँ विभिन्न प्रकार ही हैं: जैसे- पर्वत, पठार, मैदान, तट तथा द्वीपसमूह|
उत्तर में हिमालय पर्वत है, जिसे तीन मुख्य श्रृंखलाओं में बाँटा जाता है: सबसे उत्तर में वृहत्त हिमालय या हिमाद्री, इस श्रृंखला में विश्व की सबसे ऊँची शिखर है| मध्य हिमालय या हिमाचल, हिमाद्रि के दक्षिण में स्थित है| शिवालिक सबसे दक्षिण में स्थित श्रृंखला है|

हिमालय के दक्षिण में भारत का उत्तरी मैदान स्थित है| ये मैदान गंगा, ब्रह्मपुत्र तथा इनकी सहायक नदियों के द्वारा लाये गए जलोढ़ निक्षेपों से बने हैं| नदियों के ये मैदान कृषि के लिए उपजाऊ भूमि प्रदान करते हैं|
भारत के पश्चिमी भाग में भारतीय महामरुस्थल है, यह शुष्क, गर्म तथा रेतीला स्थान है| यहाँ वनस्पतियों की मात्रा बहुत कम है|

उत्तरी मैदानों के दक्षिण में प्रायद्वीपीय पठार स्थित है| इसकी आकृति त्रिभुजाकार है| इसका धरातल काफी ऊंचा नीचा है| इस क्षेत्र में बहुत सी पहाड़ी श्रृंखलाएं तथा घाटियाँ हैं| इसके उत्तर-पश्चिम में अरावली श्रृंखला स्थित है, जो विश्व की सबसे पुरानी पर्वत श्रंखला है| विन्ध्य एवं सतपुड़ा भी महत्वपूर्ण श्रृंखलाएँ हैं|इन श्रृंखलाओं से होकर नर्मदा तथा तापी नदियाँ बहती हैं, ये पश्चिम की तरफ बहने वाली नदियाँ हैं जो अरब सागर में मिलती हैं| इन पठारों में खनिजों जैसे: लोहा, कोयला एवं लौह अयस्क की प्रचुरता है| इस पठार के पश्चिम में पश्चिमी घाट या सह्याद्री तथा पूर्व में पूर्वी घाट है|

पश्चिमी घाट के पश्चिम में तथा पूर्वी घाट के पूर्व में तटीय मैदान स्थित हैं| पश्चिमी तटीय मैदान काफी संकरे हैं तथा पूर्वी तटीय मैदान अपेक्षाकृत चौड़े हैं| यहाँ पूर्व की ओर बहने वाली कई नदियाँ हैं| महानदी, गोदावरी, कृष्णा तथा कावेरी बंगाल की खाड़ी में गिरती हैं| ये नदियाँ अपने मुहाने पर उपजाऊ डेल्टा का निर्माण करती हैं| बंगाल की खाड़ी में गंगा एवं ब्रह्मपुत्र के मुहाने पर सुंदरबन डेल्टा स्थित है|

भारत में 2 द्वीपसमूह भी स्थित हैं:
लक्षद्वीप समूह अरब सागर में स्थित है ये केरल तट से कुछ दूर स्थित प्रवाल द्वीप है|
अंडमान एवं निकोबार द्वीप समूह भारत से दक्षिण पूर्व दिशा में बंगाल की कड़ी में स्थित है|

Comments